लाइव मगध संवाददाता विकास कुमार

आक्रोशित लोगों ने शव को पुलिस को सौंपने से किया इनकार, डीएसपी के आश्वासन बाद उठा शव
गया जिले के बेलागंज के मेन थाना की पुलिस ने क्षेत्र के कोरमत्थु गांव टोला बेला की रहने वाली एक किशोरी की लाश शुक्रवार की सुबह संदेहास्पद स्थिति में अरहर की खेत से बरामद की है। ऐसी आशंका है कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद उसी के अंगवस्त्र के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद साक्ष्य को छिपाने के इरादे से आरोपियों ने शव को अरहर के खेत में फेंक दिया। मेन थानाध्यक्ष राहुल देव बर्मन ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया में मामला हत्या का प्रतीत होता है। थानाध्यक्ष राहुल देव बर्मन के अनुसार कोरमत्थु गांव टोला बेला के कारू महतो की पुत्री सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई थी। घर के पुरुष खेतों में काम करने निकल गए थे। देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो पिंकी (काल्पनिक नाम) की खोजबीन करना शुरू कर दिए। खोजने के दौरान देखा कि उसकी लाश अरहर की खेत में पड़ी हुई है।लोगों ने इसकी जानकारी मेन थाना की पुलिस को दी। इस जघन्य घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की घटनास्थल पर बुलाने और घटना में शामिल रहे दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर शव पुलिस को कब्जे में देने से मना कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही विधि व्यवस्था के डीएसपी संजीत कुमार प्रभात मौके पर दलबल के साथ भी पहुंचे। उन्होंने मामले की गंभीरता से छानबीन करने व दोषियों को गिरफ्तार कर शीघ्र सजा दिलाने का आश्वासन पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को दिया। जिसके बाद पुलिस लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस मामले में मृतका किशोरी के पिता के घर के आसपास रहने वाले धर्मवीर कुमार का आरोप है कि किशोरी की हत्या से पूर्व उसके साथ गैंगरेप किया गया है। जिस स्थान से शव मिला है, उससे दो सौ मीटर दूर खून और अन्य साक्ष्य देखे गए हैं।