
गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के विजयबीघा मोहल्ले के रहने वाले एक शख्स की मौत हो गई। गया-डीडीयू रेलखंड पर गया-काष्ठा स्टेशन के बीच दुर्वे पहाड़ी के पास रेल ट्रैक पर से चंदौती थाना की पुलिस ने तीन टुकड़े में बंटे शव को बरामद किया है। घटना बुधवार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान राजेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। जिसका दाह संस्कार गुरुवार को विष्णुपद शमशान घाट पर किया गया। मृतक राजेश पासवान के बारे में बताया गया कि वह एफसीआई में अपने दिवंगत पिता की जगह पर अनुकंपा के तहत कार्य करता था। बुधवार की देर रात उसका शव दुर्वे पहाड़ी के पास रेल लाइन पर से तीन टुकड़े में मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार राजेश पासवान अपने कार्यस्थल पर काम करने वालों के बीच रुपये उधार के तौर पर दे रखा था। कुछ दिन पहले ही उसकी बेटी की शादी की बात पक्की हो गई थी। जिसकी शादी के लिए उधार में दिए गए रुपये को लौटाने के लिए उनलोगों से मिलता था, जिन्हें पैसे दे रखे थे। फिलहाल, थाने में अप्राकृतिक मौत (यूडी) का मामला दर्ज कर लिए जाने की बात थानाध्यक्ष ने बताइ है। पुलिस मृतक के परिजनों के आवेदन का इंतजार कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि लिखित शिकायत आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकती है। इधर, इस घटना की जानकारी मिलने के बाद गया नगर निगम के वार्ड नं 2 की पार्षद वीणा देवी, डेल्हा विकास समिति के सचिव रामजगन गिरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सरकार से मृतक के आश्रितों को 50 लाख रुपए मुआवजा राशि देने व मौत के सही कारणों की जांच की मांग की है।