
गया जिले के सदर अनुमंडल क्षेत्र में खनन माफियाओं के विरुद्ध बुधवार की अल सुबह से अभियान चलाते हुए 10 लाख रूपए का जुर्माना वसूला गया। जबकि इस अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। जबकि अवैध बालू खनन करने के मामले में दो बालू लदे ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह के निर्देश पर बुधवार की सुबह से ही नगर प्रखंड अंतर्गत चन्दौति थाना क्षेत्र के बीथोशरीफ, चाकंद व बेलागंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर व मानपुर क्षेत्र के रसलपुर में खनन माफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो वाहन जब्त करते हुए करीब दस लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। अभियान में गया टाउन डीएसपी राजकुमार साह, मानपुर के अंचलाधिकारी अनुज कुमार, मुफस्सिल व बुनियादगंज थानाध्यक्ष आदि शामिल रहे। उन्होंने बताया गिरफ्तार तीन लोगों को चाकंद थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। दो ट्रैक्टर जब्त करते हुए ओवरलोडिंग के मामले में 20 हाइवा वाहन से करीब 10 लाख रुपए जुर्माना वसूल किया गया है।
लाइव मगध संवाददाता प्रकाश कुमार