
केंद्र सरकार का नया कृषि कानून किसानों के लिए काला कानून है। कानून के वापस लेने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। नया कृषि कानून किसानों को कंगाल और अडानी, अम्बानी, रामदेव बाबा जैसे लोगों को मालामाल करने वाला सावित होगा। जबरन लागू करने वाले इस कानून का किसान मरते दम तक विरोध करता रहेगा। उक्त बातें टिकारी अनुमण्डल कार्यालय के समक्ष कृषि कानून के विरोध में आयोजित एक दिवसीय महाधरना को संबोधित करते हुए राजद और किसान नेताओं ने शनिवार को कही।
महाधरना को संबोधित करते हुए मखदुमपुर के राजद विधायक सतीश कुमार दास, गुरुआ के राजद विधायक विनय कुमार यादव, विश्वनाथ यादव, सुभाष यादव, अशोक कुमार आजाद, प्रो राधेश्याम प्रसाद, टिकारी के कांग्रेस प्रत्याशी रहे सुमंत कुमार, प्रो मुंद्रिका प्रसाद नायक, मो मुर्शिद आलम, जितेंद्र कुमार यादव आदि वक्ताओं ने कहा कि टिकारी पूरे जिले का कृषि हव है। टिकारी को जिले में धान का कटोरा और धान का नैहर कहा जाता है। लेकिन यंहा के किसान बिचौलियों के हाँथो बेचने को मजबूर है। केंद्र सरकार द्वारा लाये गए तीन नए कृषि कानून किसानों के लिए काला कानून के समान है। पहला कानून कृषक उपज व व्यापार और वाणिज्य विधेयक 2020 (संवर्धन व सरलीकरण) निकट भविष्य में सरकारी कृषि मंडियों की प्रासंगिकता को शून्य करने वाला है। सरकार निजी क्षेत्र को बिना किसी पंजीकरण और बिना किसी जवाबदेही के कृषि उपज के क्रय विक्रय की खुली छूट दे रही है। ऐसे में किसान एमएसपी के लाभ से किसान वंचित रह जाएंगे। वक्ताओं ने दूसरा कानून कृषि सशक्तिकरण और संरक्षण कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार विधेयक को किसानों को बर्बाद करने वाला बताते हुए आंदोलन के माध्यम से किसानों को जागरूक बनने आह्वान किया। कहा कि कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की वजह से भूमिहीन किसानों के एक बहुत बड़े वर्ग के जीवन पर गहरा संकट आने वाला है। कोई बड़ी कंपनी आसानी से किसी किसान से उसकी भूमि 5 साल की अवधि के लिए एकमुश्त एडवांस पर ले सकती है। लेकिन गाँव का एक भूमिहीन किसान यह करने में असमर्थ रहेगा। ऐसी परिस्थिति में भूमिहीन किसानों का पूरा जीवन खत्म हो जाएगा। इसलिये भूमिहीन किसानों के हितों के रक्षार्थ राष्ट्रीय जनता दल अंतिम क्षण तक संघर्ष करेगी।
धरना समाप्ति से पूर्व राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन अनुमण्डल पदाधिकारी को सौंपते हुए तीनो कृषि कानून रद्द करने की मांग की गई है। आयोजित धरना को गणेश कुमार, रमेश कुमार यादव, दिलीप पासवान, सुरेश प्रसाद यादव, अनिल यादव, बंटी यादव, जनार्धन सिंह दांगी, अबधेश यादव, गुलाब यादव, छोटू मियां आदि कई लोगों ने संबोधित किया। महाधरना की अध्यक्षता और संचालन राजद के प्रखंड अध्यक्ष बिनोद शर्मा ने किया।
रिपोर्ट – आलोक रंजन, टिकारी संवाददाता