मगध लाइव संवाददाता प्रकाश कुमार

ओ.टी.ए. गया में वरिष्ठ अनुदेशक एवं शैक्षणिक विभाग के प्रमुख के पद पर भी रहे हैं श्री विश्वास
ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओ.टी.ए.) गया,में वरिष्ठ अनुदेशक एवं शैक्षणिक विभाग के प्रमुख के पद पर रहे कर्नल तमोजित विश्वास ने सोमवार को
सैनिक स्कूल नालंदा के प्राचार्य के पद पर योगदान दिया। योगदान के साथ ही प्राचार्य कर्नल तमोजीत विश्वास ने अपना कार्यभार ग्रहण किया। ज्ञात हो कि उक्त पद निवर्तमान प्राचार्य कर्नल एम. आई. हुसैन के स्थानांतरण के कारण रिक्त हो गया था।
कर्नल तमोजीत विश्वास त्रिपुरा के रहने वाले हैं। भारतीय थल सेना के एजुकेशन कोर में 12 जून 1993 में स्थायी कमीशन प्राप्त हुआ। उच्च-श्रेणी शैक्षणिक प्रतिभा संपन्न अधिकारी को विभिन्न सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों में अनुदेशन एवं प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव प्राप्त है। भौतिक विज्ञान एवं मनोविज्ञान विषय में मास्टर डिग्री के साथ शिक्षा निष्णात (एम.एड.) हैं तथा शिक्षा में पी.एच.डी. कर रहे हैं। सैनिक स्कूल, बीजापुर, कर्नाटक एवं राष्ट्रीय मिलिटरी स्कूल बंगलोर में प्राचार्य के अतिरिक्त आर्मी एजुकेशन कोर ट्रेनिंग कॉलेज में अनुदेशक पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यहाँ कार्यभार संभालने के पूर्व कर्नल विश्वास ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओ.टी.ए.) गया में वरिष्ठ अनुदेशक एवं शैक्षणिक विभाग के प्रमुख के रूप में पदस्थापित थे। कर्नल तमोजीत विश्वास को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ द्वारा दो बार उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। सैनिक स्कूल में प्राचार्य के आगमन के साथ उपप्राचार्य विंग कमांडर पी.एस. गुजराल ने परंपरागत तरीके से स्वागत किया। कर्नल विश्वास ने कहा मैं युद्ध-भूमि, बुद्ध-भूमि एवं शुद्ध-भूमि नालंदा में आकर आह्लादित हूँ। विश्वास दिलाता हूं कि समस्त विद्यालय परिवार के साथ मिलकर सैनिक स्कूल नालंदा को एक नई ऊंचाई प्रदान करूँगा। सैनिक स्कूल नालंदा के स्थापना के उद्देश्यों को पूरा करने का प्रयास करूँगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी मेजर अजय चंद सहित अनेक शिक्षक एवं प्रशासनिक कर्मी उपस्थित रहे।