वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

चंदौती थाना में तीन नामजद के विरुद्ध साजिश कर हत्या करने की भाई ने की लिखित शिकायत
चंदौती थाना के दुर्वे पहाड़ी समीप गया-काष्ठा स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक से तीन हिस्सों में कटी लाश बरामदगी के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई मुकेश कुमार ने इस संबंध में चंदौती थाना में एक आवेदन शुक्रवार को दिया है। जिसमें तीन को नामजद आरोपी बनाते हुए साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना को दूसरे रूप देने या साक्ष्य मिटाने की मंशा से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने की बात कही गई है। घटना की लिखित शिकायत के बाद चंदौती थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घटना 9 दिसंबर की देर संध्या को सामने आई थी। चंदौती थाना की पुलिस ने तीन हिस्सों में बंटे राजेश पासवान के शव को रेलवे ट्रैक से बरामद किया था। मृतक की पहचान डेल्हा थाना के बड़की डेल्हा विजय बिगहा निवासी राजेश कुमार पासवान के रूप में की गई थी। घटना को लेकर मृतक के छोटे भाई मुकेश कुमार ने चंदौती थाना में किए लिखित शिकायत में बताया है कि राजेश पासवान एफसीआई गया में गैंग नंबर 5 में काम करता था। उसके साथ रंजीत साव, अनुज उर्फ बंडा भी एफसीआई का कर्मी हैं। कहा है कि रंजीत साव ने उसके बड़े भाई राजेश कुमार पासवान से इसी साल दिवाली में एक लाख रूपए उधार लिए थे। इससे पहले उसने और कितने रूपए लिए यह नहीं मालूम। राजेश ने हाल में बेटी की शादी तय की थी। जिसके बाद रंजीत से रूपए वापस मांगा था। रूपए मांगने पर रंजीत से अनबन हो गई। राजेश को धमकी दी गई थी। इसी बीच 9 दिंसबर की रात को 8 बजे रंजीत साव, अनुज उर्फ बंडा और महेन्द्र पासवान ने साजिश रचकर राजेश की हत्या की घटना को अंजाम दिया।
मुकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि उक्त तीनों ने पहाड़ी पर हत्या के बाद शव को रेल ट्रैक पर फेंका था। रेल ट्रैक पर शव फेंकने का कारण था कि घटना का साक्ष्य मिटा दिया जाए। बाद में पुलिस ने तीन हिस्सों में बंटे शव की बरामदगी की थी। कहा है कि उधारी के रूपए वापस मांगने पर ही घटना की गई। इसमें संलिप्त आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। वहीं बताया जा रहा है कि राजेश कुमार पासवान अपने साथ काम करने वालों को कर्ज के रूप में अक्सर रूपए देता था।
थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों ने तीन के खिलाफ हत्या कर देने का आरोप लगाया है। जांच चल रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।