
मगध लाइव संवाददाता आलोक रंजन
अखिल भारतीय दांगी क्षत्रिय संघ के तत्वावधान में प्रखंड के फतेहपुर ग्राम में रविवार अभिनदंन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें टिकारी विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक पूर्व मंत्री डॉ अनिल कुमार का संघ द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सभा स्थल पर डॉ कुमार के आगमन पर लोगों ने उनके सम्मान में जयकारे लगाए और संघ के अधिकारियों में आदर सहित मंच पर अतिथि के आसन पर विराजमान किया। जंहा सर्वप्रथम अखिल भारतीय दांगी क्षत्रिय संघ द्वारा विधायक डॉ कुमार को पुष्पगुच्छ और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए संघ की ओर से वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मंत्री डॉ कुमार के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य कराया गया है। वक्ताओं ने कहा कि एक बार फिर क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और न्याय के साथ सबका विकास होगा।
आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित विधायक पूर्व मंत्री डॉ कुमार ने कहा कि चुनाव में आप लोगों ने जिस मजबूती के साथ मुझे सम्मान दिया है वो मेरे लिए गर्व की बात है। आपसबों के आशा और उम्मीद पर हमेशा खरा उतरने का प्रयास करूंगा। जो भी समस्या या विकास के कार्य मेरे संज्ञान में आएगा उसका हर संभव समाधान का प्रयास करूंगा। आगे उन्होंने कहा कि विधानसभा के लोगों ने मेरे ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेवारी दी है। क्षेत्र की जनता ने चौथी बार विधायक बनाकर हमे भेजा है। इसके लिए टिकारी वासियों का मैं सदा ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो भी कार्य बचे हुए हैं, सभी कार्यों को जल्द से जल्द गति देने का कार्य करूंगा।
आयोजित अभिनदंन समारोह में संघ के अधिकारियों सहित जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा, अरविंद वर्मा, सेवानिवृत्त पूर्व प्रधानाध्यापक अम्बिका प्रसाद दांगी, नोनी पैक्स अध्यक्ष महेश प्रसाद, सुरेन्द्र दांगी, राजेश्वर प्रसाद दांगी, शिवशरण दांगी, शम्भू दांगी, मधु कुमार सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार वर्मा और संचालन जदयू के प्रखंड अध्यक्ष कमलेश कुमार कमल ने किया।